रानीपोखरी(अंकित तिवारी): श्री सुरकंडा देवी मंदिर समिति, पुन्नीवाला द्वारा आयोजित मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ विधि-विधानपूर्वक किया गया। इस पवित्र आयोजन में भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण का निर्माण हुआ।
महोत्सव के प्रथम दिन मंदिर मंडप में पंचांग पूजन और कलश स्थापना संपन्न हुई। यह धार्मिक अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चारण और शास्त्रीय विधियों के अनुसार किया गया, जिसमें स्थानीय पुजारियों और विद्वानों ने भाग लिया। कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपनी भक्ति और श्रद्धा प्रकट की।
मंदिर समिति के संरक्षक आचार्य भरत राम तिवारी ने जानकारी दी कि प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान की प्रक्रिया के तहत, मूर्ति को शास्त्रीय विधि अनुसार जल में वास करवाया जाएगा। यह प्रक्रिया प्राचीन परंपराओं और धर्मशास्त्रों के अनुसार की जाएगी।
तिवारी ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन से यज्ञ का शुभारंभ होगा, जिसमें श्रद्धालु सामूहिक आहुतियां देकर अपनी आस्था व्यक्त करेंगे।
श्री सुरकंडा देवी मंदिर का यह महोत्सव क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक जागरूकता का केंद्र बन गया है। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखते हुए प्रबंध किए हैं। महोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रवचन जैसे आयोजन भी होंगे, जो लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करेंगे।
मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पवित्र आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर माँ सुरकण्डा का आशीर्वाद प्राप्त करें।