देहरादून(अंकित तिवारी): हजारा बुण्जाई मुल्तानी बिरादरी द्वारा पटेल नगर के मनभावन पैलेस में लोहड़ी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन बिरादरी द्वारा वर्ष 1950 से किया जा रहा है, और इस बार यह उत्सव वृहद स्तर पर आयोजित किया गया था।
पंजाब से आए कलाकारों की टीम ने इस अवसर पर पंजाब की लोक संस्कृति को जीवंत किया, जिसमें भांगड़ा और अन्य पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद अतिथियों को पट्टाभिषेक कर सम्मानित भी किया गया। इसके बाद, विधिपूर्वक पूजन और अर्चना के बाद, ढोल की थाप के बीच लोहड़ी की अग्नि प्रज्ज्वलित की गई।
इस पवित्र अग्नि के चारों ओर परिक्रमा करते हुए उपस्थित लोगों ने प्रदेश की समृद्धि और सुख-शांति की कामना की। लोहड़ी के प्रमुख गीत ‘सुंदरी मुंदरी होय, तेरे कौण विचारा होय…’ गाकर लोगों ने इस पर्व के ऐतिहासिक महत्व को याद किया।
कार्यक्रम में मूंगफली, रेवड़ी और मकई के दानों को अग्नि में अर्पित कर प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। इस मौके पर कैंट विधायक सविता कपूर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
इस आयोजन में प्रधान पवन चंदोक, उप प्रधान अशोक मल्होत्रा, महासचिव सचिन विज, सचिव अभिषेक तलवाड़, कोषाध्यक्ष संजय उप्पल, मीडिया प्रभारी अभिनव थापर और प्रदीप सूदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस उत्सव को साईं सृजन पटल के संस्थापक प्रो. के.एल तलवाड़ ने भी अपने संदेश के साथ शुभकामनाएँ दीं।








