उत्तराखंडयूथशिक्षासामाजिक

राजकीय इंटर कालेज खरोड़ा में हर्षोल्लास से मनाया गया प्रवेशोत्सव

उत्तराखंड//देहरादून//खरोड़ा

चकराता विकासखण्ड के विद्यालय राजकीय इंटर कॉलेज खरोड़ा में प्रवेश उत्सव के अवसर पर नव प्रवेशी बच्चों का उनके अभिभावकों की उपस्थिति में माला पहनाकर स्वागत किया गया। मंजीत, अंकित, रितिका, अंजू और नैन सिंह नव प्रवेशी बच्चों के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह रौथाण ने कहा कि विद्यालय में आयोजित सभी कार्यक्रम और नीतियों का उद्देश्य बच्चों का सर्वागीण करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सूचना संप्रेषण तकनीकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का ज्ञान आवश्यक हो गया है। एस. एम. सी अध्यक्ष तिलक राम डिमरी और शिक्षक- अभिभावक एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल दत्त डिमरी ने सरकारी विद्यालयों में दी जाने वाली सुविधाओं को बच्चों के विकास के लिए आवश्यक बताया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए सतपाल चौहान ने कहा कि प्रवेश उत्सव का उद्देश्य अभिभावकों को सरकार द्वारा दिए जाने वाले कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देना और नामांकन को बढ़ावा देना है। डॉ. उमेश चमोला ने मिशन कोशिश के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य नवीन कक्षा के पाठ्यक्रम को शुरू करने से पहले बच्चों को गत वर्ष में सुधार योग्य सम्बोधो पर शिक्षण करना है। आरती शर्मा ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे मिड डे मील, निशुल्क पाठ्य पुस्तक और गणवेश, कौशलम, पुस्तकालय, निशुल्क चिकित्सा परीक्षण आदि की जानकारी दी। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रदर्शन के आधार पर कक्षा 9 की नव्या ने पहला, कक्षा 12 की अरुणा ने द्वितीय और कक्षा 10 की शगुन ने तीसरा स्थान हासिल किया। विज्ञान नाटिका में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कक्षा 12 के सुरेन्द्र, जसपाल, अरुणा और रोहन तथा कक्षा 10 के राजेंद्र को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अनुशासित छात्र के रूप में कक्षा 8 के कृष और इंस्पायर अवार्ड के लिए आइडिया चयन होने पर कक्षा 10 के राजेंद्र और कक्षा 11 की आयुषी को सम्मानित किया गया। खेलकूद में उत्कृष्ट प्रतिभागिता के लिए कक्षा 10 के राजेंद्र और हिमांशु तथा सुलेख के लिए कक्षा 12 की रेखा और कक्षा 7 के कुलदीप को पुरस्कृत किया गया। अभिरूचि परीक्षा में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए कक्षा 10 की दिशु, आयुषी, और अनिल तथा कक्षा 12 के सुरेन्द्र, रोहनऔर अरुणा को ट्राफी दी गई। विद्यालय में आयोजित सभी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कक्षा 7 के कपिल और कक्षा 9 के आदित्य तथा बहु आयामी छात्र के रूप में कक्षा 12 के रोहन डिमरी को सम्मानित किया गया। निबंध प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में कक्षा 12 की अरुणा और जूनियर वर्ग में कक्षा 8 के कृष को पुरस्कार दिया गया। इन पुरस्कारों की घोषणा ममता कुकरेती द्वारा की गई।समापन अवसर पर सचिन ढोंढी ने कौशलम कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य बच्चों में उद्यमशील मानसिकता का विकास करना है। कार्यक्रम में सतबीर सिंह, कृपा राम जोशी और पमिता जोशी ने भी विचार व्यक्त किए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button