कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग के सभागार में वर्ष 2023–26 बैच के एनसीसी कैडेट्स के सम्मान में एक भावपूर्ण एवं आकर्षक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राम अवतार सिंह उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अखिलेश कुकरेती सहित अन्य गणमान्यजन भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैडेट अमीषा एवं रिया द्वारा प्रस्तुत मधुर एवं भावपूर्ण गीत से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भावनाओं से सराबोर कर दिया। इसके पश्चात द्वितीय वर्ष के कैडेट्स ने ऊर्जावान समूह नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए तृतीय वर्ष की कैडेट ज्योति ने लोकगीत प्रस्तुत किया, वहीं विभिन्न कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार में उत्साह और जीवंतता का संचार किया।
समारोह का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण अनुभव साझा सत्र रहा, जिसमें एसयूओ अनुज डंगवाल, यूओ अंशु डंगवाल, साक्षी खंडूरी एवं अनुपमा नेगी ने अपने एनसीसी जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार एनसीसी ने उनके व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा दी तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया।
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. राम अवतार सिंह ने कैडेट्स की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने का माध्यम है।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न कैडेट्स को सम्मानित किया गया। एसयूओ अनुज डंगवाल को मिस्टर फेयरवेल, कैडेट आयशा को मिस फेयरवेल, कैडेट हितांशु को मिस्टर स्पार्कल तथा यूओ अंशु डंगवाल को मिस स्पार्कल के खिताब से नवाजा गया।
समारोह के अंत में सभी कैडेट्स को शुभकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी गई, जहाँ एक ओर खुशी के पल थे तो दूसरी ओर बिछड़ने की भावनाएं भी स्पष्ट रूप से झलक रही थीं।





