Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथशिक्षासामाजिक

उत्तराखंड की बेटी अनुभा वशिष्ठ बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 की रनर-अप

51 प्रतिभागियों के बीच शानदार प्रदर्शन कर हासिल किया खिताब, प्रदेश का नाम किया रोशन

जयपुर(अंकित तिवारी)। उत्तराखंड की प्रतिभाशाली बेटी अनुभा वशिष्ठ ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रनर-अप का खिताब हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। 51 प्रतिभागियों के बीच लगभग 40 दिनों तक चले इस प्रतिष्ठित पेजेंट में अनुभा ने अपने आत्मविश्वास, प्रभावशाली व्यक्तित्व, उत्कृष्ट संवाद कौशल और शानदार मंचीय प्रस्तुति से निर्णायकों एवं दर्शकों के बीच अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।

मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ग्रैंड फिनाले 23 अगस्त 2026 को जयपुर स्थित ज़ी स्टूडियो में आयोजित किया गया। देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से आई 51 प्रतिभाशाली प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। लगभग 40 दिनों तक चले इस सफर के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न चरणों और चुनौतियों से गुजरना पड़ा, जिसमें अनुभा वशिष्ठ ने निरंतर प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अंतिम दौर तक अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

पूरे प्रतियोगिता सफर के दौरान अनुभा ने न केवल अपनी खूबसूरती और प्रभावशाली स्टेज प्रेजेंस का परिचय दिया, बल्कि अपनी सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और सशक्त व्यक्तित्व से भी सभी को प्रभावित किया। उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने अपनी जड़ों और पहाड़ की पहचान को पूरे गर्व के साथ राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।

अनुभा वशिष्ठ के लिए यह उपलब्धि उनके पेजेंट करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है। 40 दिनों के इस अनुभव ने उन्हें अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और निरंतर स्वयं को बेहतर बनाने की प्रेरणा दी।

अपनी उपलब्धि पर अनुभा ने कहा, “उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 में रनर-अप बनना मेरे लिए बेहद गर्व और भावुकता का क्षण है। 40 दिनों का यह सफर मेरे लिए सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खुद को और बेहतर तरीके से जानने और अपनी क्षमताओं को पहचानने की यात्रा रही। मैं उन सभी लोगों की दिल से आभारी हूं, जिन्होंने इस सफर में मेरा साथ दिया और मुझ पर विश्वास रखा।”

उन्होंने विशेष रूप से अपने पिता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पिता ने समाज की संकीर्ण मानसिकताओं की परवाह किए बिना हमेशा उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “जीत के दबाव से इतर उन्होंने मुझे बस अपना शत-प्रतिशत देने के लिए प्रेरित किया। उनके लिए तो मैं बचपन से ही मिस यूनिवर्स हूं, क्योंकि मैं उनकी प्यारी बेटी हूं। मैं भी यही सोचकर प्रतियोगिता में उतरी थी, क्योंकि मैं दुनिया के सबसे सुंदर पिता की बेटी हूं।”

अनुभा की इस उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए गर्व के क्षण के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने एक बार फिर साबित किया है कि पहाड़ों की बेटियां अपने सपनों, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के बल पर बड़े राष्ट्रीय मंचों तक पहुंचकर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।

गौरतलब है कि उर्वशी रौतेला के बाद अनुभा वशिष्ठ उत्तराखंड की दूसरी प्रतिभागी हैं, जिन्होंने मिस यूनिवर्स इंडिया प्रतियोगिता में अंतिम दौर तक पहुंचकर रनर-अप का खिताब हासिल किया है।

साईं सृजन पटल की ओर से उत्तराखंड की बेटी अनुभा वशिष्ठ को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं अनेकानेक शुभकामनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button