देहरादून(अंकित तिवारी)। नेहरू कॉलोनी स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित भगवान श्रीकृष्ण के छठी उत्सव में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण के मधुर भजनों का रसपान किया और भक्ति में सराबोर होकर वातावरण को कृष्णमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान ‘मेरी विनती यही है राधा रानी’, ‘कन्हैया तू काला क्यों’, ‘है श्याम तेरी मुरली’ तथा ‘हरे राम हरे कृष्णा’ जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजनों के दौरान मंदिर परिसर जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयकारों से गूंज उठा।
छठी उत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। भक्तों ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति मन को शांति और जीवन को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है। आयोजन में श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं उल्लासपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर शिवकुमार तोमर, एसके सिंह, प्रदीप शर्मा, हरीश निगोलिया, राजन गुप्ता, शमशेर दत्त, चंद्रकांता, सुनीता, अलका, नीलम वाधवा, किरण, शानू, वीके छतवाल, एसके त्यागी, बिजेंदर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।




