कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग के भूगोल विभाग में एमए प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। एमए तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक खेलों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम अवतार सिंह, भूगोल विभाग प्रभारी डॉ. नंद लाल, डॉ. आरसी भट्ट, डॉ. नेहा तिवारी पांडेय एवं डॉ. नरेंद्र पंघाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्राचार्य एवं प्राध्यापकों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
फ्रेशर्स पार्टी के दौरान म्यूजिकल चेयर्स, बलून ब्लास्टर, कप पिरामिड और रैम्प वॉक जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके साथ ही हिंदी एवं गढ़वाली गीतों, नृत्य और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के आधार पर साक्षी खंडूड़ी को मिस फ्रेशर्स तथा शिखा को मिस स्पार्कल चुना गया।
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम अवतार सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को एक-दूसरे से परिचित होने तथा अपने विषय के प्राध्यापकों के साथ संवाद स्थापित करने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे विभागीय गतिविधियों की जानकारी मिलने के साथ ही विद्यार्थियों में आपसी सहयोग, आत्मविश्वास और सहभागिता की भावना भी विकसित होती है।
भूगोल विभाग के प्राध्यापकों ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए विद्यार्थियों की सराहना की। उन्होंने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को अनुशासन बनाए रखने, नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने तथा विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में डॉ. भरत लाल बैरवाण, डॉ. कीर्तिराम डंगवाल, डॉ. रचना वत्स, डॉ. दिशा शर्मा, डॉ. सीमा पोखरियाल, शुभम रावत सहित भूगोल विषय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








