मिढावाला, थानों में दो दिवसीय स्वर्गीय प्रवेश डबराल मेमोरियल तृतीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आज समापन दिवस है। विभिन्न राज्यों की 20 से अधिक टीमें इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही हैं। विदित हो कि विगत 3 वर्षों से आजाद क्लब थानों इस प्रतियोगिता का आयोजन करा रहा है। यह प्रतियोगिता स्वर्गीय प्रवेश डबराल जी के नाम से आयोजित की जाती है।
प्रवेश डबराल जी एक कुशल वॉलीबाल खिलाड़ी थे। वे वन विभाग में कार्यरत रहे। उनके निधन के पश्चात उनकी स्मृति में यह वॉलीबाल टूर्नामेंट प्रतिवर्ष कराया जा रहा है। राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय मिढावाला में आयोजित इस वॉलीबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन बखूबी कर रहे हैं। आयोजक मंडल के सदस्य रविंद्र सिंधवाल, किशोर सिंह सोलंकी, आनंद खत्री, संजय सिंधवाल सहित सभी सदस्य खेल मैदान में व्यवस्थाएं बनाने में लगे हैं।
आयोजक मंडल का कहना है कि इससे जहां स्थानीय खिलाड़ियों में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी वहीं यह स्वर्गीय प्रवेश डबराल जी को भी श्रद्धांजलि है। स्थानीय खेल प्रेमी और दर्शक बड़ी संख्या में खेल मैदान में जुटे हुए हैं; और खेल का आनंद ले रहे हैं।
खेल परिसर में आज ग्राम पंचायत “कोटी मयचक” की ग्राम प्रधान श्रीमती रेखा बहुगुणा, ग्राम पंचायत “कुड़ियाल” के ग्राम प्रधान महेश कुकरेती, दीवान सिंह रावत, अशोक तिवारी, हरीश तिवारी, संदीप सोलंकी, संजय सिंधवाल, आदित्य नेगी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।