नैनीताल(अंकित तिवारी)- प्रख्यात वैज्ञानिक एवं शिक्षाविद डा० पीताम्बर प्रसाद ध्यानी को सेंटर हिमालयन इन्वायरन्मेंट एसोसियेशन (चिया) की नई कार्यकारिणी (2024-2027) के लिए सर्वसम्मति से चेयरमेन चुना गया है। डा० ध्यानी, जो पहले भी 6 वर्षों से चिया के चेयरमेन के रूप में कार्यरत थे, ने संस्था के 43 वर्षों के गौरवमयी इतिहास और हिमालय क्षेत्र में आजीविका संवर्धन हेतु संस्था की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए संस्था के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
डा० ध्यानी एक प्रतिष्ठित वैज्ञानिक और शिक्षाविद हैं, जिन्होंने 4 विश्वविद्यालयों में कुलपति के रूप में कार्य किया है। वह गोविन्द बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालय पर्यावरण संस्थान, भारत सरकार के निदेशक भी रह चुके हैं और उनके 318 से अधिक वैज्ञानिक प्रकाशन प्रकाशित हो चुके हैं। उनके नेतृत्व और ज्ञान का लाभ न केवल चिया को बल्कि विश्व के 26 देशों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए भी मिला है। डा० ध्यानी को कई सम्मानित पुरस्कारों से नवाजा गया है, जिनमें ‘टॉप 100 साइन्टिस्ट ऑफ द वर्ल्ड’ अवॉर्ड, ‘भारत एक्सीलेंस अवॉर्ड’, ‘उत्तराखंड रत्न’ और ‘वाईस चांसलर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड शामिल हैं।
चिया के नवगठित कार्यकारिणी में डा० ध्यानी के साथ प्रो० जीत राम को वाइस चेयरमेन, प्रो० आशीष तिवारी को सचिव, डा० श्रुति साह एवं श्री मुकुंद कुमैय्या को सहसचिव चुना गया है। कार्यकारिणी में प्रो० एस०पी० सिंह, प्रो० एस०सी० गढ़कोटी, डा० एस०एस० बिष्ट, डा० पंकज तिवारी, प्रो० ललित मोहन तिवारी, डा० विनीता फर्त्याल और डा० योगेश भट्ट को सदस्य के रूप में निर्वाचित किया गया है।
चिया के अधिशासी निदेशक प्रभारी श्री कुन्दन बिष्ट ने बताया कि सभी पदों पर चुनाव निर्विरोध सम्पन्न हुए और चुनाव प्रक्रिया का नेतृत्व चिया के पूर्व सचिव एवं आजीवन सदस्य श्री अक्षोभ सिंह ने किया। नवनिर्वाचित काउंसिल ने चुनाव अधिकारी श्री सिंह का आभार व्यक्त किया है और संस्था को भविष्य में नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया है।
चिया की नई कार्यकारिणी के गठन से संस्था के भविष्य की दिशा को लेकर उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं, और संस्था के चेयरमेन डा० ध्यानी के नेतृत्व में यह निश्चित रूप से और उन्नति के पथ पर अग्रसर होगी।




