“अल्मोड़ा”
अल्मोड़ा में संपन्न हुए दो दिवसीय राजकीय शिक्षक संघ के अधिवेशन में राम सिंह चौहान जी को संघ का प्रदेश अध्यक्ष चयनित किया गया है। विदित हो कि राजकीय शिक्षक संघ के चुनाव 6 वर्ष के पश्चात हुए हैं। लंबे समय से राजकीय शिक्षक संघ के चुनाव को लेकर गहमागहमी चल रही थी। संगठन और विभाग के बीच लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार राजकीय शिक्षक संघ के चुनाव संपन्न हुए हैं। राम सिंह चौहान पर शिक्षकों ने भरोसा जताया है और उन्हें अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। बताते चलें कि राजकीय शिक्षक संघ के पदाधिकारी प्रदेश की राजनीति में कर्मचारियों का एक बहुत बड़ा हिस्सा होने के कारण अप्रत्यक्ष रूप से भूमिका निभाते हैं। राम सिंह चौहान पूर्व में भी एक बार राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड के अध्यक्ष रह चुके हैं। वह गढ़वाल मंडल के अध्यक्ष भी रहे हैं। शिक्षकों ने राम सिंह चौहान के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर खुशी का इजहार करते हुए आशा व्यक्त की है कि शिक्षकों के मुद्दे निश्चित रूप से अब सुलझेंगे।
शिक्षकों का कहना है कि पदोन्नति, पुरानी पेंशन योजना, स्थानांतरण एक्ट का कड़ाई से पालन, स्थानांतरण में पारदर्शिता के लिए काउंसलिंग की व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों के समाधान की उम्मीद जगी है। राम सिंह चौहान को राजकीय शिक्षक संघ का प्रदेश अध्यक्ष चयनित होने पर विभिन्न संगठनों ने, शिक्षकों ने, शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।