शिक्षा

“चमोली की प्रिया देवली को गोल्ड मेडल, महाविद्यालय में खुशी की लहर”

कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी): डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग (चमोली) की छात्रा प्रिया देवली ने संस्कृत विषय में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल प्राप्त कर महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्हें यह सम्मान श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, बादशाहीथौल, टिहरी गढ़वाल द्वारा ऋषिकेश परिसर में आयोजित 5वें दीक्षांत समारोह में प्रदान किया गया।

प्रिया देवली ने स्नातक और स्नातकोत्तर शिक्षा पी.जी. कॉलेज, कर्णप्रयाग से पूरी की है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बी.एन. खाली और पूर्व प्राचार्य डॉ. के.एल. तलवाड़ ने इसे महाविद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताया और प्रिया को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चमोली जैसे दुर्गम क्षेत्र में सीमित संसाधनों के बावजूद प्रिया जैसी प्रतिभाएं उच्चतम उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।

संस्कृत विभाग की प्रभारी डॉ. चंद्रावती टम्टा, डॉ. मृगांक मलासी, और डॉ. हरीश बहुगुणा ने भी प्रिया की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की और विभाग के लिए इसे गर्व का विषय बताया।

मीडिया प्रभारी डॉ. आर.सी. भट्ट ने बताया कि प्रिया कमेडा गौचर (चमोली) की निवासी हैं और नियमित रूप से महाविद्यालय में उपस्थित रहती थीं। उन्होंने अपने गुरुओं और अपनी अथक मेहनत के बल पर सर्वोच्च अंक प्राप्त कर यह सम्मान हासिल किया है।

महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने प्रिया देवली को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रिया की यह उपलब्धि उन सभी छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button