कर्णप्रयाग/चमोली (अंकित तिवारी): डॉ शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग में छात्र संघ चुनाव 2025-26 का आयोजन प्रातः 8 बजे से हुआ। इस चुनाव में महाविद्यालय में कुल 1646 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। चुनाव के लिए पांच पोलिंग बूथ बनाए गए थे, जिनमें से 977 छात्र-छात्राओं ने अपने मत का प्रयोग किया और नये छात्र संघ का गठन किया।
चुनाव के दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकों और कर्मचारियों की 5 अलग-अलग पोलिंग पार्टियों का गठन किया गया था। चुनाव में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ राम अवतार सिंह और चुनाव अधिकारी डॉ भाल चन्द्र सिंह नेगी के नेतृत्व में छात्र संघ निर्वाचन समिति के सदस्य डॉ कविता पाठक, डॉ कीर्तिराम डगवाल, डॉ एम एल शर्मा, डॉ नेहा तिवारी, डॉ पूनम और डॉ स्वाति सुन्दरियाल ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
चुनाव के परिणाम अनुसार अध्यक्ष, सचिव, सहसचिव और कोषाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव सम्पन्न हुए। उपाध्यक्ष पद पर केवल एक प्रत्याशी, आचल थपलियाल, और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर सुनील सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
अध्यक्ष पद पर लक्ष्मण सिंह ने 537 मत प्राप्त कर राहुल (420 मत) को हराया और कुल 117 मतों के अंतर से विजयी घोषित किए गए। सचिव पद पर अंकित सिंह को 507 और विशाल सिंह को 426 मत मिले, जिसमें अंकित सिंह को 81 मतों से विजय प्राप्त हुई। सहसचिव पद पर चॉदनी को 554 और रिया को 376 मत प्राप्त हुए। चॉदनी को 178 मतों से विजयी घोषित किया गया। कोषाध्यक्ष पद पर अनुराधा को 563 और पूजा को 371 मत प्राप्त हुए, जिसमें अनुराधा ने 192 मतों से विजय हासिल की।
चुनाव परिणामों के बाद महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ) राम अवतार सिंह ने विजयी प्रत्याशियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने छात्र संघ से अपेक्षाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि नवनिर्वाचित छात्र संघ महाविद्यालय के विकास और समस्याओं के समाधान में सक्रिय रूप से भागीदारी निभाए।
चुनाव के दौरान उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग सोहन सिंह रागड़ और थानाध्यक्ष कर्णप्रयाग राकेश चन्द भट्ट के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन भी चुनाव स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ भाल चन्द्र सिंह नेगी ने चुनाव सम्पन्न होने के बाद सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों और स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दी।
विजयी प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ महाविद्यालय से मुख्य बाजार तक एक विजय रैली निकालकर अपनी खुशी का इज़हार किया।