Breakingउत्तराखंडपर्यटनमनोरंजनयूथशिक्षासामाजिकस्पोर्ट्सस्वास्थ्य

राजकीय बालिका इंटर कालेज कर्णप्रयाग का एनएसएस विशेष शिविर हुआ शुरू

स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ छात्राओं को आत्म अनुशासन व सहयोग की दी जाएगी शिक्षा

कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। राजकीय बालिका इंटर कालेज कर्णप्रयाग में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ। यह शिविर सात दिनों तक चलेगा, जिसमें विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान विद्यालय की कार्यक्रम अधिकारी गरिमा रतूड़ी और सहायक कार्यक्रम अधिकारी अरुणा किमोठी के साथ अभिभावक संघ की अध्यक्ष इंदिरा देवी तथा विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष शांति देवी भी उपस्थित थीं। उद्घाटन समारोह में अभिभावक संघ की अध्यक्ष इंदिरा देवी ने अपने संबोधन में कहा कि इस शिविर से छात्राओं को आत्म अनुशासन, सहयोग और त्याग की भावना सीखने का अवसर मिलेगा, जो उनके जीवन को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

शिविर के पहले दिन छात्राओं द्वारा एक वृहद स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी गरिमा रतूड़ी ने शिविर के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि इस सात दिवसीय शिविर में नशामुक्ति अभियान, स्पर्श गंगा अभियान, स्वच्छता कार्यक्रम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ई-पुस्तकालय कर्णप्रयाग का भी भ्रमण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस शिविर के दौरान छात्राओं को समाज सेवा के महत्व और विभिन्न सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। शिविर में छात्रों को न केवल शारीरिक और मानसिक विकास के अवसर मिलेंगे, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।

यह शिविर कर्णप्रयाग के विकास में एक अहम कदम साबित होगा, क्योंकि यह छात्राओं को समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों से जोड़ने का काम करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button