देहरादून(अंकित तिवारी)। श्री निवास वेडिंग प्वाइंट में श्री मां वैष्णों सेवा मंडल देहरादून द्वारा आयोजित तृतीय चौकी का भव्य आयोजन हुआ। इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत प्रातःकाल हवन पूजन के साथ हुई, जिसके बाद रात को भजन सम्राट राज सहगल ने माता दुर्गा के भजनों की शानदार प्रस्तुतियों से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनका गायन इतनी श्रद्धा और भक्ति से भरा हुआ था कि पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।
माता वैष्णों के भजनों पर श्रद्धालु नाचते और झूमते रहे, मानो उनका हर कदम भक्तिभाव की लहरों पर सवार था। इस खास अवसर पर माता रानी को छप्पन भोग अर्पित किया गया, और इक्यावन सौ दीये जलाकर पूजा की गई।
भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने सच्चे श्रद्धा भाव से माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। चौकी के समापन के बाद प्रसाद के रूप में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अद्भुत आयोजन को सफल बनाने में सचिन विज, सतीश कक्कड़, पवन चंदोक, अशोक मल्होत्रा, प्रदीप सूदी, अभिषेक तलवाड़, सुमित कोहली, संजय सेठी, हरीश सचदेवा, संजीव पुरी, हरीश डोढी और पंजाबी हजारा बिरादरी देहरादून का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






