कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी) : डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग, चमोली में विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित अखिल भारतीय स्तर पर भारत बौद्धिक ज्ञान परीक्षा-2026 शांति और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस परीक्षा में महाविद्यालय के विभिन्न कक्षाओं में अध्ययनरत् 210 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 146 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया।
परीक्षा प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने भारत काल दर्शन, भारतीय आरोग्य ज्ञान, वैदिक गणित, भारतीय चिकित्सा, शल्य चिकित्सा, अन्न उद्योग, राजधर्म, भारतीय लोक प्रशासन, और वास्तुशास्त्र सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों से संबंधित प्रश्नों का उत्तर दिया। परीक्षा में बहुविकल्पीय और वर्णनात्मक प्रश्न शामिल थे, जिसे देखकर छात्र-छात्राएं अत्यधिक उत्साहित दिखे।
इस परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न करने में महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. कविता पाठक, परीक्षा नोडल डॉ. आर. सी. भट्ट और परीक्षा समिति के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इन सदस्यों में डॉ. राधा रावत, डॉ. नेहा तिवारी, डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. कीर्तिराम डंगवाल, डॉ. शालिनी सैनी, डॉ. सीमा पोखरियाल, जे. एस. रावत, मुकेश कंडारी, मनोज देवराड़ी, उमेश पुरोहित प्रमुख थे। परीक्षा समन्वयक के रूप में रामेश्वर सती की नियुक्ति की गई थी, जिन्होंने परीक्षा के संचालन में अहम भूमिका निभाई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राम अवतार सिंह ने इस आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दीं, और परीक्षा को पारदर्शिता, शांति और समयबद्ध तरीके से आयोजित करने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।





