कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)– डॉ. शिवानंद नौटियाल गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, कर्णप्रयाग के दो एनसीसी कैडेट्स, कैडेट आयशा और कैडेट तनुजा, ने गणतंत्र दिवस 2026 समारोह में दिल्ली में आयोजित परेड में कर्णप्रयाग कॉलेज का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व किया। इन दोनों कैडेटों को कर्तव्य पथ पर मार्च करने का सम्मान प्राप्त हुआ, जो उनके अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम का परिणाम है।
कालेज के परिसर में उनके स्वागत के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. आर. ए. सिंह, डॉ. आर. सी. भट्ट, डॉ. कविता पाठक, डॉ. नेहा तिवारी, डॉ. रविंद्र कुमार, एस. एल. मुनियाल, जे. एस. रावत, अंशुमान चौहान, और मुकेश कंडारी ने उनके समर्पण और उल्लेखनीय उपलब्धियों पर उन्हें बधाई दी।
इन दोनों कैडेटों का चयन एक कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद हुआ, जिसमें पाँच चरणों की कठिन प्रक्रिया थी। इस प्रक्रिया का समापन गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी) 2026 में भागीदारी के साथ हुआ, जो 30 दिसंबर, 2025 को दिल्ली कैंट के करिअप्पा परेड ग्राउंड में शुरू हुआ और 28 जनवरी, 2026 को प्रधानमंत्री की रैली के साथ सम्पन्न हुआ। इस रैली में कैडेट आयशा और कैडेट तनुजा को माननीय प्रधानमंत्री से मुलाकात करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
इस दौरान, दोनों कैडेटों ने दिल्ली दर्शन में भी भाग लिया और उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल से मुलाकात का अद्वितीय अवसर प्राप्त किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए, कैडेट आयशा और कैडेट तनुजा को मुख्यमंत्री स्वर्ण पदक के लिए नामांकित किया गया है।
कॉलेज के प्राध्यापकों ने उनके राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन पर गर्व व्यक्त किया और कहा कि इस सम्मान से न केवल दोनों कैडेट्स का, बल्कि पूरे कॉलेज का नाम रोशन हुआ है। उनकी उपलब्धियों ने कर्णप्रयाग कॉलेज को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया है।
यह उपलब्धि कॉलेज के लिए एक ऐतिहासिक पल है, और दोनों कैडेट्स के अनुशासन, मेहनत और प्रतिबद्धता को देखकर अन्य विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणा स्त्रोत बन गई है।




