कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी): चमोली जनपद में उपलब्ध संसाधन एवं रोजगार के अवसरों पर डा शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग में उच्च शिक्षा व्याख्यानमाला का दसवां व्याख्यान आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. कविता पाठक के उद्बोधन से प्रारंभ हुआ, जिसमें उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार की व्याख्यानमालाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस श्रृंखला के दसवें व्याख्यान में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, गोपेश्वर परिसर के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ डॉ. जगमोहन सिंह नेगी ने ‘चमोली जनपद में उपलब्ध संसाधन एवं रोजगार के अवसर’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने चमोली जनपद की भौगोलिक स्थिति, यहां उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों और इन संसाधनों के आधार पर रोजगार सृजन के संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. नेगी ने रोजगार के संदर्भ में विभिन्न संवैधानिक प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला और बताया कि कैसे सरकार की योजनाएं और कार्यक्रम स्थानीय लोगों के लिए रोजगार अवसर प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से पर्यटन, कृषि, हस्तशिल्प और जल विद्युत परियोजनाओं के क्षेत्र में रोजगार के अवसरों का उल्लेख किया। साथ ही, चमोली जनपद की सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर को रोजगार सृजन के प्रमुख माध्यम के रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. नेगी ने छात्रों एवं अन्य शिक्षकों के द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर दिया, जिससे उपस्थित सभी लोग लाभान्वित हुए। कार्यक्रम का संचालन डा. इंद्रेश कुमार पाण्डेय ने किया।
यह व्याख्यान ऑनलाइन मोड में आयोजित किया गया था, जिसमें कर्णप्रयाग महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों के साथ-साथ अन्य महाविद्यालयों से भी कई प्राध्यापक और छात्र जुड़े थे। कार्यक्रम ने चमोली जनपद के युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित किया।





