साहिया(अंकित तिवारी): उत्तराखंड राज्य स्तरीय अंतर-विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता 2025–26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की पुरुष एवं महिला कबड्डी टीमें पूरी तरह तैयार हैं। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 23 से 26 फरवरी, 2026 तक गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता की तैयारियों के अंतर्गत विश्वविद्यालय की दोनों टीमों का 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर 11 फरवरी से सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय पीजी कॉलेज, साहिया में आयोजित किया गया, जो आज सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। शिविर के दौरान खिलाड़ियों को अनुशासित वातावरण में नियमित अभ्यास, रणनीतिक सत्र, मैच प्रैक्टिस तथा सघन फिटनेस प्रशिक्षण दिया गया।
टीम कोच अंकित शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल, सामूहिक समन्वय, खेल रणनीति और मानसिक दृढ़ता को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया। प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों ने उच्च स्तर का समर्पण, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।
पुरुष वर्ग के कप्तान अभिनव शर्मा एवं महिला वर्ग की कप्तान दीक्षा रावत के नेतृत्व में चयनित दल 22 फरवरी को साहिया से पंतनगर के लिए रवाना होगा। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 12 तथा महिला वर्ग की 11 खिलाड़ी विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी।
विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों से चयनित इन प्रतिभाशाली छात्र-खिलाड़ियों में—
महिला टीम :
रितिशा, शालू, प्रीति, अमिशा उनियाल, अनुप्रिया पवार, कंचन रावत, खुशी रानी, स्मिता, किरन गौड़ एवं संजना।
पुरुष टीम :
नीरज तोमर, रोहित नेगी, गोविंद चौहान, राहुल सिंह तोमर, नितेश, कृष सजवान, आयुष बगियाल, आशुतोष सिंह बिष्ट, युवराज वर्मा, शुभम कुमाई एवं रोहित नेगी शामिल हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों को पूरी उम्मीद है कि श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की ये टीमें राज्य स्तरीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगी।






