Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशयूथरोजगारशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

फर्जी भर्ती  पर एम्स ऋषिकेश का बड़ा एक्शन, भर्ती के नाम पर जालसाजी करने वालों के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई

ऋषिकेश(अंकित तिवारी) : एम्स ऋषिकेश के नाम पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले जालसाजों के खिलाफ संस्थान प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। भर्ती के नाम पर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे फर्जी विज्ञापनों को लेकर अब ठोस कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि इस तरह की धोखाधड़ी में शामिल किसी भी व्यक्ति—चाहे वह बाहरी हो या संस्थान का कर्मचारी—को बख्शा नहीं जाएगा।

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक फर्जी फेसबुक पेज के माध्यम से एमटीएस, ऑफिस अटेंडेंट और वार्ड अटेंडेंट जैसे पदों पर भर्ती के नाम पर आवेदन मांगे जा रहे थे। जबकि एम्स ऋषिकेश प्रशासन ने साफ किया है कि वर्तमान में इन पदों पर कोई भर्ती प्रक्रिया नहीं चल रही है और न ही इस संबंध में कोई आधिकारिक विज्ञापन जारी किया गया है।

संस्थान के उपनिदेशक (प्रशासन) लेफ्टिनेंट कर्नल गोपाल मेहरा ने बताया कि एम्स एक केंद्रीय स्वास्थ्य संस्थान है और भर्ती संबंधी सभी सूचनाएं केवल संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही जारी की जाती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एम्स किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या अन्य वेबसाइट के जरिए भर्ती विज्ञापन जारी नहीं करता।

उन्होंने आमजन से अपील की कि नौकरी के नाम पर फैलाए जा रहे भ्रामक विज्ञापनों और जालसाजों के झांसे में न आएं। किसी भी भर्ती संबंधी सूचना की पुष्टि केवल आधिकारिक स्रोत से ही करें।

एम्स प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फर्जी फेसबुक पेज संचालकों के खिलाफ साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराने का निर्णय लिया है। साथ ही पुलिस प्रशासन की मदद से आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि जांच में संस्थान का कोई कर्मचारी भी इस साजिश में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ न केवल विभागीय बल्कि वैधानिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button