ऋषिकेश(अंकित तिवारी)।। एम्स ऋषिकेश के ऑडिटोरियम में आयोजित नेशनल यूथ कॉन्क्लेव-2026 (युवा जोश कार्यक्रम) में युवाओं को जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के साथ-साथ स्वास्थ्य और वित्तीय प्रबंधन (हेल्थ एंड वेल्थ) के संतुलन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को एक स्वस्थ और समृद्ध जीवन के लिए जागरूक एवं प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान की कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) मीनू सिंह, मुख्य अतिथि सेबी के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर मनोज कुमार, संकायाध्यक्ष (अकादमिक) प्रो. डॉ. सौरभ वार्ष्णेय, एएमएफआई के सीईओ वेंकट एन. चलासानी, वरिष्ठ सलाहकार सूर्यकांत शर्मा एवं आयोजन सचिव डॉ. संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
“स्वास्थ्य के साथ वित्तीय अनुशासन भी जरूरी”
मुख्य अतिथि मनोज कुमार ने कहा कि बेहतर जीवन के लिए केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि संतुलित वित्तीय प्रबंधन और अनुशासन भी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को सचेत करते हुए कहा कि रातों-रात अमीरी संभव नहीं, बल्कि सही दिशा में निरंतर प्रयास और संचय ही सफलता की कुंजी है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए इस पहल की शुरुआत चार राज्यों से की जाएगी, जिसे आगे पूरे देश में विस्तार दिया जाएगा।
“युवा अपनाएं सकारात्मक सोच”
एम्स की निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने कार्यक्रम को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि सकारात्मक दृष्टिकोण ही जीवन में सफलता का आधार है।
वहीं, प्रो. सौरभ वार्ष्णेय ने कहा कि आज के युवाओं के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है, लेकिन धैर्य की कमी एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने युवाओं से निरंतर प्रयास और संयम बनाए रखने की अपील की।
“हेल्थ और वेल्थ का संतुलन ही खुशहाल जीवन का आधार”
एएमएफआई के सीईओ वेंकट एन. चलासानी ने फाइनेंशियल प्लानिंग को हर व्यक्ति के लिए आवश्यक बताया, जबकि वरिष्ठ सलाहकार सूर्यकांत शर्मा ने कहा कि धन और स्वास्थ्य का समन्वय ही राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।
आयोजन सचिव डॉ. संतोष कुमार ने कहा कि आज के युवाओं के लिए फाइनेंस एक लक्ष्य बन गया है, जबकि स्वास्थ्य एक आवश्यकता। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि दोनों पर समान रूप से कार्य करना जरूरी है, क्योंकि वित्तीय समस्याएं मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित करती हैं।
वॉकथान और योग सत्र ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के अंतर्गत सुबह वॉकथान का आयोजन किया गया, जिसमें 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वॉकथान को एम्स गेट नंबर-1 से रवाना किया गया।
इसके पश्चात आयोजित योग सत्र में विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया और नियमित योग के लाभों की जानकारी दी।
उत्कृष्ट योगदान के लिए किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में आयोजन समिति से जुड़े डॉ. दिलीप वैष्णव, डॉ. सौजन्या, डॉ. कमलेश, डॉ. आशीष जैन, डॉ. राजीव चौधरी सहित अन्य सदस्यों को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ प्रोफेसर, चिकित्सक एवं फैकल्टी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने युवाओं में स्वास्थ्य और वित्तीय जागरूकता को लेकर नई ऊर्जा और सोच का संचार किया।






