कर्णप्रयाग/रुद्रप्रयाग(अंकित तिवारी): उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कर्णप्रयाग क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत गोद लिए गए “पुस्तकालय ग्राम, मणिगुह” (विकासखंड अगस्त्यमुनि) में ‘उच्च शिक्षा आपके द्वार’ मुहिम के तहत एक प्रभावी प्रचार-प्रसार कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान मणिराम, पंचायत सदस्यों, पुस्तकालय अध्यक्ष तथा ग्रामवासियों को विश्वविद्यालय की प्रचार सामग्री, कैलेंडर एवं पैम्फलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को विश्वविद्यालय में संचालित स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सहायक क्षेत्रीय निदेशक (कर्णप्रयाग) प्रियंका लोहनी पांडे ने बताया कि विश्वविद्यालय में कंप्यूटर एप्लीकेशन, साइबर सिक्योरिटी, मैनेजमेंट, सूचना प्रौद्योगिकी, पत्रकारिता, योग, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, वाणिज्य एवं मानविकी जैसे विभिन्न विषयों में प्रवेश के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने डुएल-डिग्री प्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थी पारंपरिक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश लेकर अपने करियर की संभावनाओं को बढ़ा सकते हैं।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि विश्वविद्यालय में शीतकालीन प्रवेश सत्र (जनवरी 2026) की अंतिम तिथि 27 मार्च निर्धारित है। साथ ही मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध लचीली शिक्षण प्रणाली, स्व-अध्ययन सामग्री एवं ऑडियो-वीडियो माध्यमों से शिक्षा की सुविधा के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की वार्षिक गतिविधियों से संबंधित विभिन्न विषयों की लगभग 60 पुस्तकें पुस्तकालय को भेंट की गईं, जिनका लाभ स्थानीय पाठकों को मिलेगा। कार्यक्रम में पुस्तकालयाध्यक्ष महेश एवं पुस्तकालय संचालन में सहयोग देने वाले छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।
अंत में पुस्तकालयाध्यक्ष महेश ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना की तथा भविष्य में भी इस ग्राम में शिक्षा से संबंधित और अधिक गतिविधियां आयोजित करने का आग्रह किया।







