उत्तराखंडयूथशिक्षासामाजिक

पीजी कॉलेज कर्णप्रयाग में शिक्षक-अभिभावक संघ का गठन, सर्वसम्मति से रमेश चन्द्र पुरोहित बने अध्यक्ष

कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी):
डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में शिक्षक-अभिभावक संघ (Parent-Teacher Association) का गठन प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) राम अवतार सिंह के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से  रमेश चन्द्र पुरोहित को अभिभावक संघ का अध्यक्ष चुना गया।

संघ के अन्य पदाधिकारियों में  अनूप कंडारी को उपाध्यक्ष तथा महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अखिलेश कुकरेती को सचिव पद के लिए नामित किया गया। वहीं सदस्य के रूप में गिरीश रावत और पवन भंडारी को सर्वसम्मति से चयनित किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम अवतार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने पाल्यों की शैक्षणिक गतिविधियों पर निरंतर ध्यान दें और उन्हें नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने के लिए प्रेरित करें। साथ ही विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महाविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण का आधार है। इसी उद्देश्य से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रूपरेखा भी अभिभावकों के समक्ष प्रस्तुत की गई।

अभिभावक संघ के सचिव डॉ. अखिलेश कुकरेती ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन में रहकर अध्ययन करने तथा शैक्षणिक गतिविधियों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने अभिभावकों को 75 प्रतिशत अनिवार्य उपस्थिति, महाविद्यालय के नियमों एवं आगामी परीक्षाओं की जानकारी भी दी।

संघ के अध्यक्ष  रमेश चन्द्र पुरोहित ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है कि वह महाविद्यालय की गतिविधियों में सहयोग करे और अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति का नियमित मूल्यांकन करे। उन्होंने बच्चों के व्यक्तित्व विकास एवं शिक्षकों के प्रति उनके व्यवहार पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button