कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विशेष शिविर के अंतर्गत ग्राम गिरसा में आयोजित कार्यक्रमों ने सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया।
शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने ग्राम में व्यापक सामाजिक–आर्थिक सर्वेक्षण कर ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति, शिक्षा स्तर एवं स्थानीय समस्याओं की गहन जानकारी प्राप्त की। इस दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं के समाधान हेतु महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए, जिससे संवाद और सहभागिता का सकारात्मक वातावरण बना।
सर्वेक्षण के उपरांत स्वयंसेवियों ने ग्राम में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया और ग्रामीणों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के बौद्धिक सत्र में योग शिक्षक श्री शिव दर्शन सिंह नेगी ने विशेष उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया और स्वयंसेवियों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित योग अपनाने की प्रेरणा दी।
इसके पश्चात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दिन का समापन रात्रि में आयोजित कैम्प फायर के साथ हुआ, जिसमें वरिष्ठ स्वयंसेवी अंशुल, अजय एवं यशवंत सहित सभी प्रतिभागियों ने आनंदपूर्वक सहभागिता कर वातावरण को उल्लासमय बना दिया।
इस प्रकार शिविर का यह दिन स्वयंसेवियों के लिए सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य शिक्षा और सांस्कृतिक समन्वय का प्रेरणादायी अनुभव सिद्ध हुआ।




