शिक्षा

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर छात्र-छात्राओं को मिला स्वस्थ जीवन का संदेश

कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी) : डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग की रेड क्रॉस इकाई द्वारा विश्व स्वास्थ्य दिवस उत्साहपूर्वक एवं जागरूकता के संदेश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने और सामाजिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता वनस्पति विज्ञान विभाग की प्राध्यापिका डॉ. प्रमिला ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करते हुए कहा कि उत्तराखंड के कई दूरस्थ क्षेत्रों में जागरूकता के अभाव के कारण छात्र-छात्राएं विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि लड़कियां इन समस्याओं से अधिक प्रभावित हो रही हैं, जिसका मुख्य कारण जानकारी और संवाद की कमी है। उन्होंने ‘मॉस हिस्टीरिया’ से जुड़ी भ्रांतियों को भी दूर करते हुए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण अनेक स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।

रेड क्रॉस इकाई के नोडल अधिकारी कीर्तिराम डंगवाल ने रेड क्रॉस के इतिहास, उद्देश्यों एवं संस्थापक हेनरी ड्यूनेन्ट के योगदान पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवियों को मानवीय सेवा के प्रति प्रेरित किया।

डॉ. मदन शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है, जिससे बचने के लिए डिजिटल संतुलन अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. कविता पाठक, डॉ. हरीश बहुगुणा सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button