हल्द्वानी(अंकित तिवारी) : कल्याणम भवति समिति द्वारा संचालित कल्याणम विशेष विद्यालय में विश्व ऑटिज्म दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की चांदनी कफलतिया एवं संरक्षक श्याम सिंह नेगी ने किया। इस दौरान दिव्यांग बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
संस्था की चांदनी कफलतिया ने विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए कार्य कर रहे शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि विशेष शिक्षक इन बच्चों को समाज में समावेशी रूप से प्रतिभाग करने के अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि संस्था भविष्य में भी दिव्यांग जनों के हितों के लिए उत्कृष्ट कार्य करती रहेगी।
संस्था के संरक्षक श्याम सिंह नेगी ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इनकी प्रतिभा और उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
कार्यक्रम में विशेष शिक्षिका पंकज कुमार ने समाज में ऑटिज्म को लेकर व्याप्त गलत धारणाओं पर जानकारी दी और लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था की प्रभा बिष्ट ने किया, जिन्होंने सभी अतिथियों और सहभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भावना पांगती, संगीता दानू, नीतिका आंदोला सहित संस्था के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।