साहिया(अंकित तिवारी): सरदार महिपाल राजेन्द्र जनजातीय (पी.जी.) कॉलेज, साहिया में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए एक अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नये छात्रों को कॉलेज की शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराते हुए उन्हें विषयाध्यापकों से मिलवाया गया और नई शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत पाठ्यक्रम की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मंत्रोच्चारण से हुआ। इसके बाद, नवागंतुक छात्रों ने आत्म-परिचय दिया और विभिन्न विषयाध्यापकों ने अपने-अपने विषयों से संबंधित जानकारी प्रदान की। महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रणाली और सह-शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें एनईपी-2020 के प्रावधानों का भी उल्लेख किया गया।
समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष श्री प्रदीप कुमार ने महाविद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों को साझा करते हुए छात्रों को बेहतर शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान उप-प्राचार्य डॉ. प्रियंका जलाल ने परीक्षा प्रणाली की जानकारी दी और छात्रों को सजगता और गंभीरता के साथ अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने का संदेश दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रवि कुमार ने अपने संबोधन में महाविद्यालय के उद्देश्यों, लक्ष्यों और अनुशासन पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों को अनुशासित और लक्ष्याभिमुख बनने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का समापन महाविद्यालय के चेयरमैन श्री अनिल सिंह तोमर के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने नवप्रवेशित छात्रों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की विशेषताओं और उपलब्धियों को उजागर किया। उन्होंने बताया कि इस महाविद्यालय में 12 विषयों की सुविधा उपलब्ध है, जो अन्य महाविद्यालयों से कहीं अधिक है। इसके अलावा, यहां त्यूनी, चकराता और डाकपत्थर जैसे क्षेत्रों में भी ऐसे विषयों का अध्ययन किया जा सकता है, जो अन्य स्थानों पर उपलब्ध नहीं हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक आशा सिंह और महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण डॉ. शशिकला, डॉ. चंद्रिका, डॉ. रेनू देवी, रेखा, पूजा पांडेय, वरुण प्रसाद सेमवाल, रिंकूदास भारती सहित नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं, सुजल, शिवानी, श्यामा, शिवानी रावत, साक्षी, पंकज, मनीष, मीरा, मोनिका, ममता, नन्दनी, सारिका, सपना, कुशल शर्मा एवं प्रिया ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।