Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथशिक्षासामाजिकस्पोर्ट्सस्वास्थ्य

राज्य स्तरीय अंतर–विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में श्री देव सुमन विश्वविद्यालय का परचम

ऋषिकेश(अंकित तिवारी):राज्य स्तरीय अंतर–विश्वविद्यालय प्रतियोगिता 2025–26 में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर विश्वविद्यालय ने न केवल अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया, बल्कि पूरे प्रदेश में अपना परचम भी लहराया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता गोविन्द बल्लभ पन्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमों ने सहभागिता की।

भूमिका, कबड्डी महिला वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का ख़िताब
भूमिका, कबड्डी महिला वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का ख़िताब

विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव डॉ. पुष्कर गौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों का प्रदर्शन अत्यंत प्रभावशाली और प्रेरणादायक रहा। 400 मीटर पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर विश्वविद्यालय ने शानदार शुरुआत की। इसके अतिरिक्त 100 मीटर एवं 800 मीटर पुरुष वर्ग में रजत पदक प्राप्त हुए, जबकि 5000 मीटर पुरुष एवं महिला वर्ग में कांस्य पदक हासिल कर खिलाड़ियों ने अपनी सहनशक्ति और संकल्प का परिचय दिया।

रोहित नेगी कबड्डी पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का ख़िताब
रोहित नेगी कबड्डी पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का ख़िताब

फील्ड इवेंट्स में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भाला फेंक महिला वर्ग में रजत पदक और गोला फेंक पुरुष वर्ग में कांस्य पदक जीतकर टीम ने यह सिद्ध किया कि विश्वविद्यालय के खिलाड़ी ट्रैक और फील्ड दोनों में समान रूप से सशक्त हैं।

टीम खेलों में भी श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय ने श्रेष्ठता का परचम लहराया। टेबल टेनिस पुरुष वर्ग में पंतनगर विश्वविद्यालय को पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम की गई, जबकि महिला वर्ग में दून विश्वविद्यालय को हराकर शानदार विजय दर्ज की गई। बैडमिंटन पुरुष वर्ग में कुमाऊँ विश्वविद्यालय को पराजित कर खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक और रणनीति का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

आज संपन्न हुए रोमांचक फाइनल मुकाबलों में विश्वविद्यालय की टीमों ने एक के बाद एक जीत दर्ज कर दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया। वॉलीबॉल महिला वर्ग, फुटबॉल पुरुष वर्ग, कबड्डी महिला वर्ग एवं कबड्डी पुरुष वर्ग में विजेता का खिताब अपने नाम किया गया। वहीं वॉलीबॉल पुरुष वर्ग में टीम उपविजेता रही, जिसने कड़े मुकाबले में उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एन. के. जोशी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने खेलों के माध्यम से विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण का प्रतिफल है तथा भविष्य में भी विश्वविद्यालय खेल क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेगा।

कुलसचिव  दिनेश चंद्रा ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे समूचे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी विश्वविद्यालय इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहेगा।

राज्य स्तरीय अंतर–विश्वविद्यालय प्रतियोगिता 2025–26 में प्राप्त यह ऐतिहासिक सफलता श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की खेल प्रतिभा, अनुशासन, परिश्रम और उत्कृष्ट टीम भावना का सशक्त प्रमाण है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने न केवल विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है, बल्कि प्रदेश की खेल संस्कृति को भी नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button