Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशपर्यटनमनोरंजनयूथशिक्षासामाजिकस्पोर्ट्सस्वास्थ्य

स्थानीय स्वाद से जुड़ी नई पीढ़ी, समर कैंप के चौथे दिन सीखीं पारंपरिक खाद्य विरासत की बातें

हरिद्वार (अंकित तिवारी)। राजकीय प्राथमिक विद्यालय भिक्कमपुर, लक्सर, हरिद्वार में आयोजित भारतीय भाषा समर कैंप के चौथे दिन विद्यार्थियों को स्थानीय भोजन, मसालों, सब्जियों एवं फलों की जानकारी प्रदान की गई। विद्यालय के प्रधानाध्यापक योगेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को अपनी स्थानीय संस्कृति, खान-पान और परंपराओं से जोड़ना तथा मातृभाषा के माध्यम से सीखने को प्रोत्साहित करना रहा।

कैंप के दौरान ऑडियो-वीडियो माध्यमों की सहायता से विद्यार्थियों को विभिन्न स्थानीय खाद्य पदार्थों, पारंपरिक व्यंजनों तथा उनके पोषण संबंधी महत्व के बारे में बताया गया। शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने पारंपरिक व्यंजनों की जानकारी प्राप्त की और उनके निर्माण की प्रक्रिया को समझा।

सहायक अध्यापक कौशिक तिवारी ने बताया कि समर कैंप की इस वर्ष की मुख्य थीम भारतीय भाषाओं के माध्यम से बहुभाषिकता, सांस्कृतिक एकता और अनुभवात्मक अधिगम को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य के अनुरूप बच्चों को भारतीय भाषाओं के सम्मान एवं संरक्षण, विविधता में एकता, स्थानीय ज्ञान एवं विरासत से जुड़ाव तथा सांस्कृतिक जागरूकता के महत्व से अवगत कराया गया है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भाषा कौशल के विकास, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास बढ़ाने, व्यावहारिक संवाद क्षमता विकसित करने तथा समूह गतिविधियों के माध्यम से सहयोग और सामाजिक सहभागिता का संदेश भी दिया गया। शिक्षकों ने बताया कि नई शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों के अनुरूप मातृभाषा आधारित शिक्षा और अनुभवात्मक अधिगम को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं।

कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्थानीय संस्कृति, भाषा और परंपराओं से जुड़ी अनेक जानकारियाँ प्राप्त कीं। विद्यालय परिवार ने इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। इस मौके पर सी आर सी सलमान अंसारी छात्र गुलशाहन,सागर,झिलमिल,अनमोल ,अवनी, पीयूष,गुलवेज, आशियान आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button