हरिद्वार(अंकित तिवारी)। राजकीय प्राथमिक विद्यालय, भिक्कमपुर, लक्सर ,हरिद्वार में भारतीय भाषा समर कैंप के पांचवें दिवस पर विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, स्थानीय नायकों और स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से परिचित कराने के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक योगेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में सांस्कृतिक समझ विकसित करना, उनकी श्रवण क्षमता को बढ़ाना तथा समाज और राष्ट्र के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।
विद्यालय के सहायक अध्यापक कौशिक तिवारी ने बताया कि कैंप के दौरान विद्यार्थियों को ऑडियो-वीडियो सामग्री के माध्यम से प्रेरणादायक प्रसंगों से अवगत कराया गया। साथ ही छोटी सामाजिक एवं बाल फिल्मों का प्रदर्शन कर उन्हें नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और देशभक्ति की भावना से जोड़ने का प्रयास किया गया।
तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम में कठपुतली के माध्यम से रोचक ढंग से संदेश दिए गए, जबकि नुक्कड़ नाटक ने सामाजिक सरोकारों और जनजागरण के विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त कहानी वाचन सत्र में स्थानीय नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों और कलाकारों के जीवन संघर्ष एवं उपलब्धियों की प्रेरक कहानियां सुनाई गईं।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। इससे न केवल उनकी भाषा दक्षता और सुनने-समझने की क्षमता बढ़ती है, बल्कि वे अपनी सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय इतिहास से भी जुड़ते हैं।
समर कैंप में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया और नई जानकारियां प्राप्त कीं। आयोजकों ने कहा कि आगामी दिनों में भी इसी प्रकार के रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर संकुल भिक्कमपुर जीतपुर सीआरसी सलमान अंसारी सहित गुलशाहन, सागर, झिलमिल, अनमोल, अवनी, पीयूष, गुलवेज एवं आशियान सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




