देहरादून(अंकित तिवारी): युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में साईं सृजन पटल द्वारा संचालित ‘बुक बैंक’ को महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के सेवानिवृत्त प्रबंधक जी.सी. पन्त और बैंक ऑफ इंडिया की असिस्टेंट मैनेजर प्रगति पन्त ने प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित 31 उपयोगी पुस्तकें बुक बैंक को भेंट कीं।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया की असिस्टेंट मैनेजर प्रगति पन्त को उनकी उपलब्धियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायी कार्ययात्रा के लिए साईं सृजन पटल के संस्थापक प्रो. (डॉ.) के.एल. तलवाड़ ने स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
प्रगति पन्त युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए इंग्लिश ऑनर्स, भाषाविज्ञान में एमए तथा गढ़वाल विश्वविद्यालय से बीएड की शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने 31 जुलाई 2023 को बैंक ऑफ इंडिया में असिस्टेंट मैनेजर के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उनकी पहली नियुक्ति वडोदरा में हुई थी और वर्तमान में वह हरिद्वार में कार्यरत हैं।
प्रगति पन्त ने कहा कि साईं सृजन पटल युवाओं के सपनों को संबल देने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने का सराहनीय कार्य कर रहा है। बुक बैंक जैसी पहल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है।
साईं सृजन पटल के संस्थापक प्रो. (डॉ.) के.एल. तलवाड़ ने कहा कि संस्था का उद्देश्य साहित्य, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। बुक बैंक की पहल इसी उद्देश्य की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि पुस्तकें युवाओं के सपनों को दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम हैं।
इस अवसर पर जी.सी. पन्त ने कहा कि युवाओं को सही मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। साईं सृजन पटल का बुक बैंक आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुस्तकें केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को नई दिशा देने का सशक्त साधन हैं।
इस अवसर पर लेखिका नीलम तलवाड़ इनसाईडी क्रिएटिव मीडिया के सीईओ अक्षत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




