Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशयूथशिक्षासामाजिक

खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम में कर्णप्रयाग महाविद्यालय का Category-A में चयन, प्रधानमंत्री से दो-तरफा संवाद का मिलेगा अवसर

कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित होने वाले “माय भारत – खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम के लिए डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग का चयन Category-A के अंतर्गत किया गया है। महाविद्यालय का इस श्रेणी में चयन होना पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गौरव एवं हर्ष का विषय है।

27 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले इस विशेष वर्चुअल कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के युवाओं को संबोधित करेंगे। Category-A के अंतर्गत चयनित महाविद्यालयों को प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने के साथ-साथ दो-तरफा संवाद (Two-Way Communication) का विशेष अवसर भी प्राप्त होगा। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के माध्यम से किया जा रहा है।

“खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम का उद्देश्य देश के युवाओं को खेल, फिटनेस, अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। यह पहल युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।

महाविद्यालय के लिए यह अवसर विशेष महत्व रखता है, क्योंकि विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री के साथ संवाद करने और अपने विचार साझा करने का अवसर प्राप्त होगा। यह अनुभव विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल तथा राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने महाविद्यालय के Category-A में चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ प्रधानमंत्री का सीधा संवाद विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी होगा तथा उन्हें खेल एवं फिटनेस के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

महाविद्यालय परिवार ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी 27 अगस्त को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करेंगे।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह विशेष संवाद युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेलों में सक्रिय भागीदारी करने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सार्थक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button