कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानन्द नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग के राजनीति विज्ञान विभाग में बुधवार को स्नातकोत्तर कक्षाओं के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत में फ्रेशर वेलकम पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर अनामिका को मिस फ्रेशर और अखिलेश को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। वहीं, निशा ने मिस स्पार्कल और सुनील ने मिस्टर स्पार्कल का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय जीवन विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सामाजिक और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण पड़ाव है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी अपने जीवन में प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
राजनीति विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. कविता पाठक ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों और राजनीति विज्ञान के अध्ययन की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, तार्किक चिंतन और समसामयिक राजनीतिक घटनाक्रमों के विश्लेषण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राजनीति विज्ञान का अध्ययन विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, जागरूक नागरिकता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
फ्रेशर पार्टी के दौरान विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा शिक्षकों और वरिष्ठ विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने के साथ ही आपसी सहयोग, आत्मीयता और सौहार्द की भावना को मजबूत किया।
इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. मदन लाल शर्मा, कीर्तिराम डंगवाल, छात्रसंघ अध्यक्ष सुनील सिंह, छात्रसंघ उपाध्यक्ष अंकित सहित अन्य पदाधिकारी, प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





