हरिद्वार में तीर्थ यात्रियों, श्रद्धालुओं, गंगा में स्नान करने वाले बाहरी राज्यों के यात्रियों के आगमन से तीर्थ नगरी की रौनक बढ़ गई है। हर की पैड़ी पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग डुबकी लगा रहे हैं। बाजार में चहल-पहल है। दुकानदारों के चेहरे पर रौनक है, खुशी है। यात्रियों के बड़ी संख्या में आने से हरिद्वार के व्यवसायी खुश नजर आ रहे हैं। इस बार तीर्थ यात्रियों की संख्या में इजाफा होने का अनुमान लगाया जा रहा है। चार धाम यात्रा प्रारंभ होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं। हरिद्वार में तीर्थ यात्रियों की बढ़ती संख्या उत्तराखंड के पर्यटन के लिए, उत्तराखंड के व्यवसायी लोगों के लिए और तीर्थ यात्रियों पर निर्भर लोगों के लिए शुभ संकेत है।सबके चेहरे पर प्रसन्नता के भाव दिखाई दे रहे हैं।




