कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में ग्राफिक एरा चिकित्सालय, देहरादून के सौजन्य से एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
चिकित्सक दल में डॉ. रौतेला (फिजिशियन), डॉ. नीरज छाबड़ा (ईएनटी विशेषज्ञ) तथा डॉ. सूरज मिश्रा (नेत्र विशेषज्ञ) शामिल रहे। शिविर के दौरान उपस्थित लोगों की आंख, कान, नाक, गला, रक्तचाप (बीपी) एवं शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं।
महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों, छात्र एवं छात्राओं ने शिविर का लाभ उठाया। लगभग 50 से 60 लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां भी प्राप्त कीं। शिविर को लेकर महाविद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम अवतार सिंह ने ऐसे उपयोगी स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के लिए ग्राफिक एरा चिकित्सालय, देहरादून का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा जताई।





