Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशपर्यटनमनोरंजनयूथशिक्षासामाजिकस्पोर्ट्सस्वास्थ्य

विद्यालय में सजा शिक्षा का उत्सव, नन्हे कदमों का हुआ आत्मीय अभिनंदन

नव प्रवेशी छात्रों का फूल-मालाओं से स्वागत, अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित

लक्सर(अंकित तिवारी)। राजकीय प्राथमिक विद्यालय भिक्कमपुर जीतपुर लक्सर हरिद्वार में नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत हेतु स्वागतोत्सव (प्रवेशोत्सव) एवं छात्र-अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं का विद्यालय के अध्यापकों द्वारा फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान बच्चों के चेहरे पर उत्साह और खुशी देखने को मिली। विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

संगोष्ठी में अभिभावकों को विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों, पठन-पाठन की व्यवस्था एवं सह-शैक्षिक कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। साथ ही अभिभावकों से संवाद स्थापित कर बच्चों के सर्वांगीण विकास पर चर्चा की गई।

विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश कुमार ने कहा कि विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है और इसमें अभिभावकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

सहायक अध्यापक कौशिक तिवारी ने कहा कि प्रवेशोत्सव का उद्देश्य नव प्रवेशी बच्चों में विद्यालय के प्रति लगाव बढ़ाना और उन्हें भयमुक्त वातावरण प्रदान करना है।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button