देहरादून(अंकित तिवारी)। शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल के तहत फूलचंद नारी शिल्प मंदिर गर्ल्स इंटर कॉलेज में अत्याधुनिक स्टेम (STEM) लैब का भव्य उद्घाटन किया गया। यह लैब उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के सहयोग से स्पार्क टेक्नोलॉजीज, SPECS एवं एसीआईसी उत्तरांचल यूनिवर्सिटी फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से स्थापित की गई है।
उद्घाटन समारोह में शिक्षा, विज्ञान एवं नवाचार जगत से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्टेम लैब का शुभारंभ विश्वविद्यालय की वाइस प्रेसिडेंट अंकिता जोशी, वाइस चांसलर प्रो. धरम बुधि, प्रबंधन समिति अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन, सदस्य अवनीश ओबोरॉय तथा SPECS अध्यक्ष डॉ. बृज मोहन शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर अंकिता जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि “आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है और अवलोकन उसका पहला चरण है। स्टेम लैब विद्यार्थियों में रचनात्मकता विकसित करने तथा विज्ञान को सहज रूप से समझने का उत्कृष्ट माध्यम है।”
वहीं प्रो. धरम बुधि ने कहा कि विज्ञान की शिक्षा को व्यवहारिक और रोचक बनाना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थी प्रयोगों के माध्यम से सीख सकें और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित हो सके।
प्रबंधन समिति अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन ने विद्यार्थियों के जीवन में विज्ञान शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि स्टेम शिक्षा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगी। SPECS अध्यक्ष डॉ. बृज मोहन शर्मा ने कहा कि स्टेम लैब सोच, अवलोकन और प्रयोगात्मक गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान को खेल-खेल में समझने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट वर्ग में नमरा, पल्लवी शर्मा, ज्योति गौतम, जीनत एवं अदीबा अकील तथा हाईस्कूल वर्ग में मुनंज्जा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मान मिला।
इसके अतिरिक्त, विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले सहयोगियों को “विज्ञान संचारक सम्मान” से सम्मानित किया गया। इस सम्मान के लिए डॉ. राजेश सिंह, डॉ. अनीता गहलोत, स्पार्क टेक्नोलॉजीज, दिव्या बंसल, स्मार्ट सर्किट्स इनोवेशन, सेल्टोस इनोवेशन फाउंडेशन, मोहित अग्रवाल एवं हिमांशु तिवारी को चयनित किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या मोना बाली ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में स्टेम लैब की स्थापना गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने कहा कि यह लैब विद्यार्थियों की जिज्ञासा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को नई दिशा देने का कार्य करेगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगी और उनके भीतर नवाचार तथा आत्मविश्वास की भावना को सुदृढ़ बनाएगी।
कार्यक्रम में हरी राज सिंह, बालेंदु जोशी, शांति बिष्ट, सुजाता शर्मा, रेणु जोशी, शीतल, नीरज उनियाल, सौरभ कौशल, सचिन शर्मा, रवि सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
यह पहल निश्चित रूप से क्षेत्र में विज्ञान शिक्षा को नई दिशा देने के साथ छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी।




