कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल के तहत डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में ‘माय भारत–खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं माय भारत के संयुक्त सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन एवं युवाओं के साथ संवाद का सीधा प्रसारण किया गया। महाविद्यालय का कैटेगरी-ए के अंतर्गत चयन होने के कारण विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री के साथ दो-तरफा संवाद से जुड़ने का विशेष अवसर मिला। इस अवसर को महाविद्यालय परिवार ने गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह रहे। जिला युवा अधिकारी आदित्य राज दीक्षित एवं युवा खिलाड़ी शिवांश चमोली की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
वक्ताओं ने युवाओं को खेल एवं फिटनेस के महत्व के साथ अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि गणेश शाह ने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा दैनिक जीवन में फिटनेस को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। जिला युवा अधिकारी आदित्य राज दीक्षित ने युवाओं को सरकार की विभिन्न युवा एवं खेल संबंधी योजनाओं और पहलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। युवा खिलाड़ी शिवांश चमोली ने अपने खेल अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों से निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. कामना लोहनी, डॉ. महेंद्र जोशी, डॉ. चंद्रपाल, डॉ. इंद्रेश पांडेय, डॉ. मदन लाल शर्मा, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. पूनम तोमर सहित शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा तिवारी पांडेय एवं डॉ. प्रमिला ने आयोजन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय परिवार की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, माय भारत तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण के प्रति नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार किया।




