कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)।
मानवता की सेवा और सामाजिक सरोकारों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग के रेड क्रॉस स्वयंसेवियों को जनपद चमोली की रेड क्रॉस शाखा द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। गोपेश्वर महाविद्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री दौलत सिंह बिष्ट रहे, जबकि अध्यक्षता जिला रेड क्रॉस समिति के अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश डोभाल ने की। समारोह में महाविद्यालय की स्नातकोत्तर छात्रा कुमारी प्रियंका एवं स्नातक छात्र स्वयंसेवी विश्वजीत को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में कुमारी प्रियंका ने रेड क्रॉस की स्थापना की प्रेरक कहानी साझा करते हुए बताया कि हेनरी ड्यूनेन्ट के मानवीय प्रयासों से जन्मा यह संगठन आज विश्वभर में सेवा और करुणा का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने युवाओं से समाज सेवा के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की रेड क्रॉस इकाई के नोडल अधिकारी डॉ. कीर्तिराम डंगवाल को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के स्वयंसेवियों ने रेड क्रॉस के माध्यम से मानवता की रक्षा और सेवा में सराहनीय कार्य किए हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
उल्लेखनीय है कि कुमारी प्रियंका ने विद्या भारती की इंडियन नॉलेज सिस्टम परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे उत्तराखंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं स्वयंसेवी विश्वजीत ने गंगा स्वच्छता अभियान एवं अलकनंदा-पिंडर संगम पर गंगा आरती के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक चेतना का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने सभी सम्मानित स्वयंसेवियों एवं रेड क्रॉस प्रभारी को बधाई देते हुए कहा कि रेड क्रॉस मानवता की सेवा का सशक्त माध्यम है और महाविद्यालय की इकाई इस दिशा में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी छात्र-छात्राएं इसी प्रकार समाज सेवा में अग्रणी भूमिका निभाते रहेंगे।




