कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग के हिंदी विभाग में विभागीय परिषद का गठन किया गया। परिषद के गठन के उपरांत विभागीय परिषद के तत्वावधान में विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
विभागीय परिषद में अध्यक्ष पद पर शैलजा (एम.ए. चतुर्थ सेमेस्टर), उपाध्यक्ष पद पर कल्पना (एम.ए. द्वितीय सेमेस्टर), सचिव पद पर तनीषा (बी.ए. षष्टम सेमेस्टर) तथा सह-सचिव पद पर मोहित (बी.ए. चतुर्थ सेमेस्टर) को चयनित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम अवतार सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने छात्र-छात्राओं को विभागीय परिषद के गठन की आवश्यकता एवं उसके महत्व के बारे में बताया तथा कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनके नेतृत्व कौशल को भी विकसित करती हैं।
इस अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने काव्य-पाठ, लोकनृत्य और लोकगीतों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अखिलेश कुकरेती एवं डॉ. वी.आर. अंथवाल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में हिंदी विभाग के प्राध्यापक डॉ. चंद्र मोहन जनस्वाण एवं रविंद्र नेगी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. राधा रावत द्वारा किया गया।





