कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्थापना दिवस के अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। एनएसएस स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए गीत, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सेवा, अनुशासन, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत और आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर. ए. सिंह ने किया। उन्होंने एनएसएस की स्थापना के उद्देश्यों और उसकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवियों को समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। स्वयंसेवियों को समाज के जरूरतमंद वर्गों के बीच जाकर सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया गया।
इस अवसर पर डॉ. के. के. पंत, डॉ. इंद्रेश कुमार पाण्डेय, डॉ. एम. एल. शर्मा, डॉ. मृगांक मलासी, डॉ. विनोद चंद्र, डॉ. पंकज कुमार सहित एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. एस. बी. मिश्रा एवं डॉ. नेहा तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवियों की सक्रिय सहभागिता रही।




