उत्तराखंडमनोरंजनयूथराजनीतिशिक्षासामाजिक

कर्णप्रयाग महाविद्यालय का 45वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग का 45वां वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं पुरस्कार वितरण के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी, विशिष्ट अतिथि सतीश लखेडा (प्रदेश मंत्री, राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट एवं हिंदी सलाहकार समिति, उड्डयन मंत्रालय, भारत सरकार) तथा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया। प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत करते हुए महाविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। छात्रसंघ द्वारा भी पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर अतिथियों का स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि राजेन्द्र सिंह भंडारी ने अपनी विधायक निधि से निर्मित एक अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण करते हुए छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं सतीश लखेडा ने गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी से हुई वार्ता का उल्लेख करते हुए महाविद्यालय में स्मार्ट क्लासरूम फर्नीचर एवं छात्रसंघ कक्ष के लिए कंप्यूटर उपलब्ध कराने की घोषणा की।

वार्षिकोत्सव के दौरान एकल गीत, एकल नृत्य, समूह गीत, समूह नृत्य, सांस्कृतिक परिधान, हास्य नाटिका, मेंहदी, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में डॉ. राधा रावत, डॉ. एच.सी. रतूड़ी एवं डॉ. सी.एम. जंस्वाण उपस्थित रहे।

प्रतियोगिताओं के परिणाम डॉ. एम.एस. कंडारी द्वारा तैयार किए गए, जबकि प्रमाण पत्र निर्माण का कार्य डॉ. शीतल देशवाल एवं डॉ. पूजा भट्ट द्वारा संपन्न किया गया। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के स्वर्ण पदक विजेता चार छात्र-छात्राओं, गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने वाले एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवियों तथा राज्य स्तरीय उपलब्धि प्राप्त करने वाले छात्रों सहित मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति पाने वाले 60 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा डॉ. चन्दावती टम्टा एवं उनकी टीम द्वारा तैयार की गई, जबकि संचालन डॉ. आर.सी. भट्ट एवं डॉ. वी.आर. अन्थवाल ने किया।

इस अवसर पर चिंतामणि सेमवाल, भास्कर सेमवाल, दिनेश सेमवाल, अनिल नेगी (फौजी), शुभम गैरोला, अनूप नेगी, तेजेन्द्र रावत, महावीर रावत, दीपक चौहान, अमर उजाला के वरिष्ठ संवाददाता लक्ष्मी प्रसाद कुमेड़ी सहित महाविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारी, प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों के उत्साह और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने पूरे समारोह को यादगार बना दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button