उत्तराखंडमनोरंजनयूथशिक्षासामाजिक

“नई उड़ान की ओर बढ़े कदम: कर्णप्रयाग कॉलेज में भावनाओं और उत्साह के बीच छात्रों को दी गई विदाई”

कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग में राजनीति विज्ञान विभाग के स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं के लिए एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भावनाओं, उत्साह और रचनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

समारोह के मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों के लिए यह क्षण अत्यंत भावुक होता है, जब वे अपने जीवन की नई यात्रा प्रारंभ करने के लिए महाविद्यालय से विदा लेते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

राजनीति विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. कविता पाठक ने कहा कि इस प्रकार के विदाई समारोह न केवल यादगार बनते हैं, बल्कि यह पाठ्य सहगामी गतिविधियों के माध्यम से छात्रों के व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर विभाग के प्राध्यापक डॉ. मदन लाल शर्मा, डॉ. कीर्तिराम डंगवाल सहित अन्य विभागों के प्राध्यापक—डॉ. भालचंद सिंह नेगी, डॉ. नेहा तिवारी, डॉ. चंद्रावती टम्टा, डॉ. मृगांक मलासी, डॉ. भरत बैरवाण, डॉ. दिशा शर्मा, डॉ. सीमा पोखरियाल, डॉ. पूनम तोमर एवं डॉ. स्वाति सुंदरियाल—की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में स्नातकोत्तर द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।

विद्यार्थियों ने इस अवसर पर विभिन्न सृजनात्मक गतिविधियों और खेलों का आयोजन कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। आशु भाषण प्रतियोगिता में छात्रा आकृति ने अपने विचार रखते हुए सुझाव दिया कि महाविद्यालय में प्रवेश केवल अध्ययन के प्रति गंभीर छात्रों को ही दिया जाना चाहिए, जिससे शिक्षा का स्तर और अधिक सुदृढ़ हो सके। इसके साथ ही गुब्बारा प्रतियोगिता एवं अन्य रोचक प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम में जीवंतता भर दी।

कार्यक्रम के अंत में ईशा रावत को मिस फेयरवेल तथा दिया को मिस स्पार्कल के खिताब से नवाजा गया। विदाई के इस भावुक अवसर पर छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे के साथ बिताए पलों को याद करते हुए भावनात्मक विदाई दी।

समारोह ने न केवल विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय स्मृतियां संजोईं, बल्कि उन्हें जीवन की नई दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button