डोईवाला(अंकित तिवारी)। उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपरा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक हरेला पर्व के अवसर पर शहीद दुर्गामल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला के परिसर में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में उत्साहपूर्वक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में एनसीसी एवं एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण तथा हरित भविष्य का संदेश दिया। एनसीसी की एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. वल्लरी कुकरेती एवं एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शिव लाल ने सभी को हरेला पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.पी. भट्ट ने कहा कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधारोपण को केवल एक औपचारिकता न मानकर उसे जन-आंदोलन का रूप देने तथा सतत विकास के लिए प्रकृति से निरंतर जुड़े रहने का आग्रह किया।
इस अवसर पर डॉ. संगीता बहुगुणा, डॉ. राकेश जोशी, डॉ. पंकज पांडे, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. संजीव नेगी, डॉ. वंदना गौड़, डॉ. पूनम पांडे, डॉ. देवेश, डॉ. सीताराम नैथानी, बृजमोहन, शोभा, ममता सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।




