उत्तराखंडयूथशिक्षासामाजिक

कॉलेज में कदम रखते ही छात्रों को मिला नई राह का मंत्र, NEP-2020 से रूबरू हुए नवप्रवेशी

इंडक्शन कार्यक्रम में NEP-2020, कौशल विकास और रोजगारपरक शिक्षा पर हुआ मंथन

कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को महाविद्यालयीन वातावरण, शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रहित सुविधाओं एवं विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप उच्च शिक्षा में उपलब्ध नए अवसरों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर. ए. सिंह ने की, जबकि संचालन डॉ. कविता पाठक ने किया। कार्यक्रम में NEP-2020 के नोडल अधिकारी डॉ. किरण कुमार पंत, सहायक प्राध्यापक, वाणिज्य विभाग ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने बहुविषयक शिक्षा, क्रेडिट प्रणाली, अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (ABC), कौशल विकास, रोजगारपरक शिक्षा, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास को नई शिक्षा नीति की महत्वपूर्ण विशेषताएं बताया।

इस दौरान डॉ. कामना लोहनी, डॉ. महेन्द्र जोशी, डॉ. चंद्रपाल, डॉ. कीर्तिराम डंगवाल, डॉ. हरीश बहुगुणा, डॉ. इन्द्रेश पांडेय, डॉ. षष्टी बल्लभ मिश्रा, डॉ. शीतल देशवाल, नरेंद्र पंघाल, डॉ. आर.सी. भट्ट, डॉ. नंद लाल, डॉ. नेहा तिवारी एवं डॉ. दिशा शर्मा सहित अन्य प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन और व्यक्तित्व विकास के साथ महाविद्यालय में उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

छात्रहित की सुविधाओं से कराया परिचित

इंडक्शन कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की विभिन्न समितियों एवं प्रकोष्ठों के प्रभारियों ने छात्रहित में संचालित गतिविधियों एवं सुविधाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों को एनसीसी, एनएसएस, रोवर-रेंजर, छात्रवृत्ति, करियर काउंसलिंग, उद्यमिता, परीक्षा, रेडक्रॉस, पुस्तकालय, योग एवं समर्थ पोर्टल सहित विभिन्न समितियों की भूमिका और कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. आर. ए. सिंह ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक, बौद्धिक, सामाजिक और व्यक्तित्व विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन और नियमितता विद्यार्थी जीवन की सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं।

कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन जीवन की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ उन्हें NEP-2020 की भावना के अनुरूप ज्ञान, कौशल, नवाचार, रोजगारपरकता और समग्र व्यक्तित्व विकास के अवसरों से जोड़ना रहा। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button