कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में सोमवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा रैली एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।
महाविद्यालय परिसर से पोखरी पुल तक निकाली गई तिरंगा रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ सहभागिता की। विद्यार्थियों ने लोगों को हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।
इसके बाद आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे की थीम पर आकर्षक रंगोलियां सजाईं। प्रतियोगिता में टीम ब्रेबो की पल्लवी, प्रियंका, कशिश, ईशा एवं रचना की रंगोली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम अल्फा की साक्षी, नीहारिका, मलिका, निक्की एवं नेहा ने द्वितीय तथा टीम चार्ली की रिया, अमीषा, बुलबुल एवं रिया रावत ने तृतीय स्थान हासिल किया। निर्णायक की भूमिका डॉ. कविता पाठक एवं डॉ. पूनम चौहान ने निभाई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने विद्यार्थियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल देश की संप्रभुता और स्वतंत्रता का प्रतीक नहीं, बल्कि देशवासियों की एकता, गौरव और राष्ट्रीय भावना का भी प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में NCC प्रभारी डॉ. नरेंद्र पंघाल, NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा तिवारी, डॉ. प्रमिला, रोवर-रेंजर्स प्रभारी डॉ. शीतल देशवाल, डॉ. तरुण आर्य, रेडक्रॉस प्रभारी कीर्तिराम डंगवाल, महाविद्यालय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
तिरंगा रैली और रंगोली प्रतियोगिता ने पूरे महाविद्यालय परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को जीवंत बनाते हुए उनमें राष्ट्रीय चेतना, एकता और देशप्रेम की भावना का संचार किया।




