कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानन्द नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 11 अगस्त को पेंटिंग प्रतियोगिता तथा 12 अगस्त को दीवार सज्जा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए तिरंगे, राष्ट्रभक्ति और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े विषयों पर आकर्षक चित्र उकेरे। प्रतियोगिता में निर्मला ने प्रथम, प्रतिभा ने द्वितीय तथा चांदनी और सारिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अभियान के अगले चरण में बुधवार को महाविद्यालय की दीवारों को देशभक्ति से जुड़े पोस्टरों और चित्रों से सजाया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, स्वतंत्रता और तिरंगे के सम्मान से जुड़े संदेशों को दीवारों पर जीवंत किया। इससे पूरा महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
महाविद्यालय परिवार की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में एनसीसी प्रभारी डॉ. नरेंद्र पंघाल, एनएसएस प्रभारी डॉ. नेहा तिवारी, डॉ. प्रमिला, रोवर-रेंजर प्रभारी डॉ. शीतल देशवाल, डॉ. तरुण कुमार, रेडक्रॉस प्रभारी कीर्तिराम डंगवाल, डॉ. कामना लोहनी, डॉ. कविता पाठक, डॉ. मदन लाल शर्मा, डॉ. पूनम, डॉ. स्वाति सहित महाविद्यालय के कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




