उत्तराखंडमनोरंजनयूथशिक्षासामाजिकस्पोर्ट्सस्वास्थ्य

टिहरी महाविद्यालय में अंतरमहाविद्यालयी टेबल टेनिस का महासंग्राम शुरू , 15 महाविद्यालयों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

दो दिवसीय प्रतियोगिता में महिला वर्ग की छह और पुरुष वर्ग की नौ टीमें ले रहीं हिस्सा

नई टिहरी(अंकित तिवारी)। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालयी टेबल टेनिस प्रतियोगिता (महिला एवं पुरुष वर्ग) का शुभारंभ शुक्रवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नई टिहरी में हुआ। 16 एवं 17 अक्टूबर को आयोजित हो रही इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध गढ़वाल मंडल के 15 महाविद्यालयों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इनमें महिला वर्ग की छह और पुरुष वर्ग की नौ टीमें शामिल हैं।

उद्घाटन समारोह में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी के प्राचार्य प्रो. पंकज पंत मुख्य अतिथि रहे, जबकि श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के वरिष्ठ वित्त अधिकारी एम.के. पांडे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी ने की।

 

मुख्य अतिथि प्रो. पंकज पंत ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। टेबल टेनिस जैसे खेलों से एकाग्रता, चुस्ती, धैर्य और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन से अपने महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि एम.के. पांडे ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेलों में सहभागिता से आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए मेहनत, लगन और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय गोपेश्वर, राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार, राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार भाबर, पंडित ललित मोहन शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ऋषिकेश, राजकीय महाविद्यालय जखोली, राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर, हिमगिरी महाविद्यालय रुड़की, जसपाल राणा कॉलेज देहरादून और राजकीय महाविद्यालय जोशीमठ सहित विभिन्न महाविद्यालयों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।

विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव पुष्कर गौड़ ने कहा कि अंतरमहाविद्यालयी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से अनुशासन, आपसी सौहार्द और खेल भावना बनाए रखते हुए प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव पुष्कर गौड़, अनिल सिंह तोमर, डॉ. हीरा सिंह बिष्ट एवं डॉ. राजेश कुमार (सदस्य, क्रीड़ा परिषद), आयोजन महाविद्यालय के क्रीड़ा सचिव डॉ. पी.सी. बिनोली, डॉ. राजकुमार त्यागी, डॉ. स्नेहलता, डॉ. हर्षिता जोशी, डॉ. विनोद सिंह, एस.एन. सेमवाल, डॉ. माधुरी रावत सहित अन्य प्राध्यापक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button