Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनशिक्षासामाजिक

कर्णप्रयाग कॉलेज में 300 छात्र-छात्राओं की हुई स्वास्थ्य जांच

दो दिवसीय शिविर में ब्लड प्रेशर और ब्लड ग्रुप की जांच, विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया प्रेरित

कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग के जन्तु विज्ञान विभाग की ओर से छात्र-छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दो दिवसीय ब्लड प्रेशर एवं ब्लड ग्रुप जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में महाविद्यालय के लगभग 300 छात्र-छात्राओं ने अपने ब्लड प्रेशर और ब्लड ग्रुप की जांच कराई।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने विद्यार्थियों को नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना आवश्यक है। नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और दिनचर्या में व्यायाम को शामिल करके स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाए जा सकते हैं।

जन्तु विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. दुदुन मेहता ने विद्यार्थियों को ब्लड ग्रुप की जानकारी के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में अपने रक्त समूह की जानकारी होने से रक्त की आवश्यकता पड़ने पर समय पर उचित सहायता प्राप्त करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित व्यायाम करने और नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह भी दी।

शिविर के आयोजन में एमएससी जन्तु विज्ञान के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और जांच प्रक्रिया के संचालन में सहयोग दिया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना, नियमित जांच की आदत विकसित करना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

महाविद्यालय में आयोजित इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व और जनसेवा की भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button