डोईवाला(अंकित तिवारी) : शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में उत्तराखंड राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘उत्तराखंड राज्य स्थापना के 26 वर्ष: उपलब्धियां एवं चुनौतियां’ विषय पर वेबिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार में प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने राज्य के 26 वर्षों के विकास सफर का विश्लेषण करते हुए उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। वक्ताओं ने उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका को निर्णायक बताया।
वेबिनार का संयोजन महाविद्यालय की एनसीसी की एएनओ एवं मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष लेफ्टिनेंट डॉ. वल्लरी कुकरेती ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विषय से संबंधित प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं को रेखांकित किया। प्रस्तुतियां देने वाले एनसीसी कैडेट्स में अर्पिता, रेणु, अश्लेष, खुशी, सौम्या, आरुषि, अमिता एवं पायल शामिल रहे।
कार्यक्रम में प्रो. राकेश जोशी ने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखंड ने कई क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन अभी भी अनेक विकास लक्ष्यों को प्राप्त करना शेष है। उन्होंने राज्य की वर्तमान स्थिति का गंभीरता से मूल्यांकन करने और भविष्य की विकास योजनाओं को स्पष्ट दिशा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रो. नवीन कुमार नैथानी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण की मूल अवधारणाओं को पुनः समझने और वर्तमान परिस्थितियों के संदर्भ में उनका मूल्यांकन करने की जरूरत है। इससे राज्य गठन के मूल उद्देश्यों को हासिल करने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा सकेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. देवेश प्रसाद भट्ट ने विद्यार्थियों से अपेक्षा जताई कि युवा पीढ़ी अपनी प्रतिभा, क्षमता और रचनात्मक सोच के माध्यम से उत्तराखंड को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। उन्होंने युवाओं से राज्य के विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
वेबिनार संयोजक लेफ्टिनेंट डॉ. वल्लरी कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड के विकास की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। यदि युवा अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करें, तो राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत करते हुए उत्तराखंड को नई दिशा देने और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया। प्राध्यापकों ने युवाओं के आत्मविश्वास, सकारात्मक दृष्टिकोण और राज्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।
कार्यक्रम में डॉ. चंद्रकला नेगी, डॉ. शिवकुमार लाल एवं डॉ. भावना जोशी सहित अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे। वेबिनार में नेहा ममगाईं, निशा थापा, रोहित बिष्ट, ओम कंसवाल, रिया नेगी, सचिन दनोसी, अर्पित राठौर, सुधा, इशिका प्रजापति, बृजेश पंवार, खुशी, अभिषेक, आकांक्षा, सिमरन कठैत और सुधा मीणा सहित अनेक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
वेबिनार का निष्कर्ष रहा कि उत्तराखंड के 26 वर्षों की उपलब्धियों का आकलन करने के साथ ही शेष चुनौतियों के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। राज्य की युवा शक्ति इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।




