डोईवाला(अंकित तिवारी)।
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला एवं उत्कर्ष योग समिति, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में वैल्यू एडेड कोर्स के अंतर्गत 30 घंटे के योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ हर्षोल्लास के साथ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 14 अप्रैल से 13 मई 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से 7:00 बजे तक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों में संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक प्रोफेसर डॉ. वी.एन. खाली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग के प्राचार्य प्रोफेसर बी.एन. पाण्डेय एवं कोटद्वार महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर जानकी पंवार ने सहभागिता की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. वी.एन. खाली ने कहा कि योग एक ऐसा वैज्ञानिक माध्यम है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का आधार बनता है। उन्होंने सभी को नियमित योगाभ्यास अपनाने का संदेश दिया। वहीं, विशिष्ट अतिथियों ने योग को जीवन के सर्वांगीण विकास का मूल मंत्र बताया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर देवेश प्रसाद भट्ट ने प्रदेश सरकार द्वारा 116 राजकीय महाविद्यालयों में योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे युवाओं में स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवनशैली को बढ़ावा मिल रहा है।
कार्यक्रम में उत्कर्ष योग समिति के संयोजक डॉ. सत्येन्द्र सिंह ने अष्टांग योग एवं विभिन्न मुद्राओं की महत्ता पर प्रकाश डाला। साथ ही महाविद्यालय के योग शिक्षक अमित नेगी ने उपस्थित प्रतिभागियों को व्यावहारिक योगाभ्यास कराया।
इस योग प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 150 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में डॉ. राखी पंचोला, डॉ. आशा जुगरान, डॉ. किरण जोशी, डॉ. अंजली वर्मा, डॉ. कामना लोहानी, डॉ. विक्रम सिंह पंवार, डॉ. पूर्ण सिंह खाती एवं डॉ. प्रीतपाल सिंह सहित उत्कर्ष योग समिति एवं अन्तर्राष्ट्रीय उत्कर्ष योग मिशन के साधक-साधिका उपस्थित रहे।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, बल्कि समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सशक्त माध्यम भी बन रहा है।





